डीपसीक-आर1 एक तर्कशील एआइ मॉडल है जिसने शुरुआत से ही एआइ उद्योग में नये मानक स्थापित किये हैं. डीपसीक एआइ मॉडल एप्पल स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड होने वाले एप की श्रेणी में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है.
डीपसीक के कारण व्यवसाय जगत में भी भारी उतार-चढाव देखने को मिला. सोमवार (27 जनवरी) को चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया के बाजार मूल्य में लगभग 600 अरब डॉलर का नुकसान हुआ, जो अमेरिकी शेयर बाजार में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है.
डीपसीक-आर1 एमओइ आर्किटेक्चर, आरएल-प्रथम प्रशिक्षण और जीआरपीओ एल्गोरिदम को समाहित कर इसको आम उपभोक्ता के लिए सुलभ बनाता है. यह तकनीक केवल आवश्यक मापदंडों को सक्रिय कर, गुणवत्ता से समझौता किये बिना कम्प्यूटेशनल लागत को कम करता है. आरएल-प्रथम प्रशिक्षण मॉडल को उन्नत तर्क क्षमताओं के साथ सशक्त बनाता है. यह उच्च उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिये पढ़ने योग्य, सटीक और संदर्भ के साथ परिणाम पेश करता है. डीपसीक ओपन सोर्स होने के कारण सार्वजानिक उपयोग, उद्यम समाधान से लेकर उन्नत अनुसंधान तक विविध अनुप्रयोगों के लिये सुगमता से उपलब्ध होगा.
दुनिया के अग्रणी एआइ मॉडल सामान्यत: 16,000 विशेष चिप का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन डीपसीक ने अपने एआइ मॉडल को 2,000 विशेष चिप और हजारों निम्न-श्रेणी के चिप का प्रयोग कर प्रशिक्षित किया है. डीपसीक की प्रारंभिक सफलता से चीनी सरकार को बड़ा प्रोत्साहन मिला है, जो हमेशा अमेरिका से अलग तकनीक का निर्माण करने की कोशिश में लगी रहती है. डीपसीक कंपनी की सफलता को चीन के इनोवेशन 2.0 के प्रादुर्भाव के तौर पर देखा जा सकता है, जो भारत सहित अन्य विकासशील देशों के उद्यमियों को भी इनोवेशन के लिए प्रोत्साहित करेगा.
(ये लेखक के निजी विचार हैं.)


